हरदा 31 जुलाई 2024 – कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बुधवार को रहटगांव स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होने एसडीएम श्री महेश बड़ोले और प्राचार्य के साथ स्कूल परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों की समस्याएं भी सुनी।
उन्होने विद्यालय परिसर के बाहर स्थित खुले मैदान की साफ-सफाई कराकर उसे खेल मैदान के रूप में विकसित करने के लिये कहा। विद्यालय की अव्यवस्थाओं के लिये कलेक्टर श्री सिंह ने प्राचार्य के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिये।
मेनू अनुसार खाना व नाश्ता नहीं दिया जाता
विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान ज्ञात हुआ कि विद्यालय में मेनू अनुसार खाना व नाश्ता नहीं दिया जाता है। छात्रावास में पलंग व बिस्तर तथा कक्षाओं में फर्नीचर की कमी है, प्रयोगशाला में आवश्यक उपकरण नहीं है तथा होस्टल में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं है। कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि कुछ दिनों में उनकी समस्याओं का निराकरण कर दिया जाएगा।

उन्होने एसडीएम श्री बड़ोले को निर्देश दिये कि कल गुरूवार को फिर से स्कूल का विस्तृत निरीक्षण कर समस्याएं पता लगाएं और उनके निराकरण की व्यवस्थाएं करें।
नीट और जेईई परीक्षा की तैयारी के लिये ऑनलाइन कोचिंग
कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि हायर सेकेण्ड्री स्तर के विद्यार्थियों को नीट और जेईई परीक्षा की तैयारी के लिये ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होने कहा कि बच्चे सिर्फ मेहनत करें, उनके स्कूल व होस्टल में हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि विद्यालय में आवश्यक सामग्री के लिये टेण्डर में जिस एजेन्सी को अधिकृत किया गया है, उसके द्वारा सामग्री समय पर नहीं भेजी जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी आ रही है, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम श्री बड़ोले को टेण्डर प्रक्रिया दोबारा करते हुए विद्यालय को सामग्री प्रदाय की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये।
इसे पढे – Harda News: केवीके कर्मचारियों के वेतन और सेवा शर्तों में असमानता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
कलेक्टर श्री सिंह ने तहसील कार्यालय रहटगांव का निरीक्षण किया
हरदा 31 जुलाई 2024/ कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बुधवार को तहसील कार्यालय रहटगांव का निरीक्षण किया। उन्होने निरीक्षण के दौरान कार्यालय के भवन की रिपेयरिंग व रंगाई पुताई कराने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसके लिये शासन से राशि प्राप्त हुई है।
प्राप्त राशि से तहसील कार्यालय भवन के सौन्दर्यीकरण के कार्य कराये जायें। इस दौरान एसडीएम टिमरनी श्री महेश बड़ोले भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सुश्री श्वेता भमोरे ने बताया कि विद्युत आपूर्ति की समस्या अक्सर बनी रहती है, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने इन्वर्टर व बेटरी क्रय कर पॉवर बेकअप की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिये।
उन्होने तहसील परिसर में तहसीलदार, नायब तहसीलदार व अन्य कर्मचारियों के लिये शासकीय आवास निर्माण हेतु प्रस्ताव शासन को भिजवाने के निर्देश भी दिये। उन्होने तहसील कार्यालय परिसर में पौधरोपण कराने के लिये भी कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व महा अभियान में तहसील रहटगांव के अच्छे प्रदर्शन की सराहना की।
राजस्व महा अभियान में पटवारी सीमांकन, बंटवारा, नामांतरण के आवेदनों का शीघ्रता से निराकरण करें
तहसील कार्यालय में कलेक्टर श्री सिंह ने पटवारियों की बैठक में भी संबोधित किया और निर्देश दिये कि राजस्व महा अभियान 2.0 के तहत सभी पटवारी अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण करें और नामांतरण, सीमांकन व बंटवारे के आवेदनों का त्वरित निराकरण करें। उन्होने पटवारियों को राजस्व अभिलेखों के अद्यतनीकरण कार्य में गति लाने के निर्देश भी दिये।
