वर्ल्ड स्वराज न्यूज़। जबलपुर में एक कबाड़खाने के गोदाम में तेज धमाका हुआ। गूंज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। लोगों का कहना है कि उन्हें पहले लगा कि भूकंप आया है। घरों से बाहर निकले तो गोदाम से आग का गुबार उठ रहा था। घटना जबलपुर से 20 किलोमीटर दूर खजरी-खिरिया बाइपास के पास बुधवार दोपहर 12 बजे की है। यह हरदा से भी भीषण हादसा बताया जाए रहा ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाली दुबे और आधारताल थाने से बल मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को भी बुलाया गया। मलबे से एक शव बरामद हुआ है। पहचान कराई जा रही है। बम के खोखे भी मिले हैं। कबाड़खाने का मालिक शमीम फरार है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, घटनास्थल पर आग फैली हुई है। पूरा क्षेत्र गर्म है। फायर ब्रिगेड की टीम कूलिंग का काम कर रही है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। धमाके से आसपास के घरों की दीवारों तक में दरारें आ गई हैं।
कलेक्टर बोले- कुछ लोगों की मौत की सूचना, संख्या कितनी, कहना मुश्किल
जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना, नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव भी मौके पर पहुंचीं। कलेक्टर ने बताया कि बड़ा विस्फोट हुआ है। गोदाम की छत उड़ गई है। आसपास के घरों की दीवारें दरक गईं। कुछ लोगों की मौत की सूचना मिल रही है, संख्या कितनी है? अभी यह कहना मुश्किल है।