जिला जनसम्पर्क कार्यालय, हरदा (म.प्र.)* समाचार

*अपूर्ण पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करें, पूर्ण पेयजल योजनाओं को पंचायतों को सौंपें**कलेक्टर श्री सिंह ने पीएचई के अधिकारियों को दिये निर्देश*हरदा 16 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

इस दौरान उन्होने निर्देश दिये कि जल जीवन मिशन की जो पेयजल योजनाएं अधूरी हैं, उन्हें शीघ्रता से पूर्ण करें तथा पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं को चालू कर पंचायत को हस्तांतरित करें। उन्होंने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री पवन सुत गुप्ता को निर्देश दिए कि पेयजल पाइपलाइन के लिए जहां-जहां सड़क खोद दी गई हैं उन्हें तत्काल सही कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पानी की टंकी निर्माण के लिए जहां-जहां भूमि की आवश्यकता है, उसके प्रस्ताव भेजे जाएं ताकि भूमि का आवंटन किया जा सके। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सविता झानियां भी उपस्थित थी। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिये कि पानी की टंकियों की नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि जो ठेकेदार निर्माण कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं, तथा धीमी गति से कार्य कर रहे हैं, उन्हें ब्लैक लिस्टेड करने की कार्यवाही की जाए। कार्यपालन यंत्री श्री गुप्ता ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के 98,000 परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया जाना है, जिसमें से 81000 परिवारों को कनेक्शन दिया जा चुका है। शेष का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि हरदा जिले में 4310 हैंडपंप चालू स्थिति में है। उन्होने बताया कि 458 ग्रामों में नल जल योजना स्वीकृत हैं, जिसमें से 230 में कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 228 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। पूर्ण कुल 230 नल जल योजनाओं में हरदा विकासखण्ड की 82, खिरकिया की 88 तथा टिमरनी विकासखण्ड की 60 नल जल योजना शामिल है। इनमें से 184 नल जल योजनाएं पंचायतों को हस्तांतरित हो चुकी हैं। जिनमें हरदा विकासखण्ड की 64, खिरकिया की 74 तथा टिमरनी विकासखण्ड की 46 नल जल योजना शामिल है। *(फोटो संलग्न)**बाल भिक्षावृत्ति रोकने के लिये टिमरनी में जागरूकता अभियान सम्पन्न*हरदा 16 अक्टूबर 2024/ शासन से प्राप्त निर्देश अनुसार जिले में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिये बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम एवं जागरूकता के लिये कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के मार्गदर्शन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में विशेष अभियान प्रारम्भ किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री संजय त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के तहत बुधवार को महिला बाल विकास के दल ने टिमरनी में छोटी-छोटी दुकानों, प्रतिष्ठानों व कस्बो में, बस स्टैंड पर बसों में व रेलवे स्टेशन पर तथा हाट बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भिक्षा मांगने वाले बच्चों को स्कूल से जोड़ने व बच्चों का परिवार में पुनर्वास कराने के लिये समझाईश दी गई। अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि बच्चों को भिक्षा नही शिक्षा देवें। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को बताया गया कि किशोर न्याय बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम 2015 की धारा 76 के तहत बालक का भिक्षा के लिये प्रयोग करने पर या बच्चे से भिक्षावृत्ति कराने पर 5 वर्ष का कारावास और 1 लाख रुपए का दंड हो सकता है।*(फोटो संलग्न)**वनग्रामों में कैम्प लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलायेंगे**वनग्राम जोगा में 18 व बड़वानी में 23 अक्टूबर को लगेगा शिविर*हरदा 16 अक्टूबर 2024/ जिले के टिमरनी व हरदा विकासखण्ड के 42 वनग्रामों में निवासरत वनवासियों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा योजनाओं की जानकारी उन्हें देने के उद्देश्य से गांव-गांव में क्लस्टर कैम्प आयोजित किये जायेंगे। कुल 42 वनग्रामों को 10 क्लस्टर्स में बांटा जाएगा तथा प्रत्येक क्लस्टर में 5 से 8 पंचायतें एवं 15 से 20 ग्राम सम्मिलित रहेंगे। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बताया कि ये शिविर प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किये जायेंगे। कैम्प के आयोजन के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कैम्प प्रभारी होंगे तथा इनके मार्गदर्शन में ब्लाक प्रबन्धक आजीविका मिशन, बैंक प्रबन्धक, सचिव तथा ग्राम रोजगार सहायक शिविर आयोजन में सहयोग करेंगे।*क्या लाभ मिलेगा इन शिविरों में* कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि इन शिविरों में ग्रामीणों के जाति प्रमाण-पत्र बनवाने, वनाधिकार अधिनियम के निरस्त दावों का पुनःपरीक्षण, मुद्रा योजना के तहत वनवासियों को स्वरोजगार हेतु मदद दिलाने, स्थानीय ग्रामीणों का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लिये पंजीयन कराने, ग्रामीणों के नये बैंक खाते खुलवाने, अटल पेंशन योजना व अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये फार्म भरवाने, समग्र पंजीयन, आधार पंजीयन की कार्यवाही करने, अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़ा वर्ग को छात्रवृत्ति संबंधी योजनाओं का लाभ दिलाने जैसी कार्यवाही इन शिविरों में की जाएगी।*कहाँ लगेंगे शिविर* कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि पहला क्लस्टर कैम्प 18 अक्टूबर को विकासखण्ड हरदा के ग्राम जोगा में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 23 अक्टूबर को टिमरनी विकासखण्ड के वनग्राम बड़वानी में कैम्प का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़वानी, गांगराढाना, खूमी, डोमरा व गोराखाल के ग्रामीण सम्मिलित होंगे। इसके अलावा 25 अक्टूबर को वनग्राम लाखादेह में कैम्प आयोजित किया जाएगा, जिसमें लाखादेह, बड़झिरी, सिंगोड़ा, बंशीपुरा इन्द्रपुरा, चुरनी, बापचा व बोबदा के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार 30 अक्टूबर को वनग्राम रातामाटी में शिविर आयोजित होगा, जिसमें रातामाटी, बिटिया व जूनापानी के ग्रामीण शामिल होंगे। विकासखण्ड टिमरनी के ग्राम कायरी में 1 नवम्बर को शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें कायरी, डोंग, आम्बा, मन्नासा, बोथी व जवारधा के ग्रामीण शामिल होंगे। ग्राम बोरी में 6 नवम्बर को शिविर आयोजित होगा, जिसमें बोरी, महुखाल, ढेगा व उंचाबरारी के ग्रामीण शामिल होंगे। जारी आदेश अनुसार ग्राम कायदा में 9 नवम्बर को शिविर आयोजित होगा, जिसमें कायदा, कुमरूम, बोरपानी, डेहरिया, जड़कउ, मालेगांव व दिदम्दा के ग्रामीण शामिल होंगे। इसी प्रकार ग्राम लोधीढाना में 13 नवम्बर को शिविर आयोजित होगा, जिसमें लोधीढाना, झिरना, डेबराबंदी, पाटियाकुआ व गोहटी के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके अलावा ग्राम बांसपानी में 15 नवम्बर को शिविर आयोजित होगा, जिसमें बांसपानी, चन्द्रखाल व रूठूबर्रा के ग्रामीण शामिल होंगे तथा 20 नवम्बर को वनग्राम राजाबरारी में शिविर आयोजित होगा, जिसमें राजाबरारी, उंचाबरारी, महागांव व टेमरूबहार के ग्रामीण शामिल होंगे। *हंडिया व रहटगांव के रोजगार मेलों में 46 युवा चयनित हुए*हरदा 16 अक्टूबर 2024/ म.प्र.डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन हरदा द्वारा ग्रामीण बेरोजगार युवक युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को ग्राम पंचायत हंडिया एवं मंगलवार को ग्राम पंचायत रहटगांव में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इन रोजगार मेलों में कुल 46 युवाओं का चयन किया गया। जिला प्रबन्धक ग्रामीण आजीविका मिशन श्री रामनिवास कालेश्वर ने बताया कि हंडिया के रोजगार मेले में 32 युवाओं ने भाग लिया जिसमें से 12 युवाओं को रोजगार के लिये चयनित किया गया। इसी प्रकार रहटगांव में आयोजित रोजगार मेले में 60 युवाओं ने भाग लिया, जिसमें से 34 युवाओं को रोजगार के लिये चयनित किया गया। मेले में वर्धमान यार्न्स भोपाल, प्रथम एज्युकेषन भोपाल, नवकिसान बायोटेक भोपाल, क्यूसेस क्राप बैगलोर तथा टाटा इलेक्ट्रानिक एवं एमआरएफ टायर के प्रतिनिधि ने भाग लिया। *(फोटो संलग्न)**रेत के अवैध परिवहन करते ट्रेक्टर जप्त किया*हरदा 16 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिये लगातार कार्यवाही जारी है। जिला खनिज अधिकारी श्री आर.पी. कमलेश ने बताया कि बुधवार को खनिज विभाग के दल ने हंडिया तहसील क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन की जांच की। जांच के दौरान हनुमान टेकरी पचौला मे बिना नम्बर के फार्मट्रेक कम्पनी के ट्रेक्टर द्वारा बिना अभिवहन पास के रेत का परिवहन करते पाया गया। ट्रेक्टर को चालक जयनारायण पिता बिहारी लाल केवट निवासी सीगोन तहसील हंडिया से जप्त कर थाना हंडिया मे खड़ा करवा दिया गया है।

Leave a Comment