हंडिया : कदमों में आस्था, संकल्प में मां नर्मदा — सोमू तिवारी और शुभम चौबे की पैदल परिक्रमा का शुभारंभ,,,,,

हंडिया।जब विश्वास पथ बन जाए और भक्ति ही यात्रा का आधार हो, तब हर कदम साधना में बदल जाता है। ग्राम हंडिया के किला मोहल्ला निवासी अभिनय तिवारी उर्फ सोमू तिवारी (उम्र 46 वर्ष) ने इसी भाव के साथ आज अपने साथी शुभम चौबे के साथ मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा का शुभारंभ किया।

प्रातःकाल श्री रिद्धनाथ घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित अभिषेक शर्मा ने तिवारी परिवार के साथ मां नर्मदा का विधिवत पूजन-पाठ कराया। पूजन के पश्चात जैसे ही परिक्रमा आरंभ हुई, वातावरण “नर्मदे हर” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से सम्मान कर शुभकामनाएं दीं। वहीं ग्रामीण मित्रगण एवं परिजन सवा किलोमीटर तक पैदल चलकर भावभीनी विदाई देते हुए साथ चले।यह परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, संयम और आत्मिक शुद्धि का जीवंत उदाहरण है।

Leave a Comment