*हरदा 1 सितम्बर 2025/
प्रधान जिला न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अरविंद रघुवंशी ने सोमवार को जिला जेल, हरदा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने जिला जेल में संचालित
लीगल एड क्लीनिक एवं पुरुष व महिला बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों को प्राप्त होने वाली मूलभूत सुविधाएं रसोई घर, पीने के पानी, बैरकों में साफ-सफाई, बंदियों के स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं, भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया व आवश्यक निर्देश प्रदान किए ।

निरीक्षण के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि जेल में कुल 288 दंडित एवं विचाराधीन बंदी निरुद्ध हैं, जिनमें से 281 पुरुष एवं 7 महिलाएं हैं जबकि जेल में 90 बंदियों की क्षमता हैं। जेल में क्षमता से अधिक बंदी निरूद्ध है। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही किए जाने के लिए जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान 7 बंदी ऐसे पाये गये, जिनके प्रकरणों में अधिवक्ता उपलब्ध नहीं थे, जिस पर तत्काल जेल लीगल एड क्लीनिक नामांकित पैरालीगल वालेंटियर्स के माध्यम से नियमानुसार आवेदन पत्र लेकर उन्हें निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गयी।

निरीक्षण के दौरान बंदियों से पृथक-पृथक व्यक्तिगत रूप से उनकी समस्याओं को जाना और निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्टेªट श्री लवकेश सिंह, न्यायिक मजिस्टेªट प्रथम श्रेणी श्री एस.के. भदकारिया, सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती मनीषा यादव तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी उपस्थित थे।
