हरदा । संसदीय क्षेत्र बैतूल की रेल समस्याओं को लेकर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से संसद भवन, नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक की।बैठक में उइके ने बैतूल शहर में लंबे समय से लंबित रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति की मांग की।
उन्होंने कहा कि अंडर ब्रिज के अभाव में शहर रोज जाम से जूझ रहा है और आपात सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।मुलताई, आमला, घोड़ाडोंगरी, बरबटपुर, ढोढरामोहार सहित क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग भी मजबूती से रखी गई।
बैतूल रेलवे स्टेशन को क्षेत्रीय हब के रूप में विकसित करने तथा बंद पड़ी नागपुर–भुसावल सुपरफास्ट इंटरसिटी (दादाधाम एक्सप्रेस) को पुनः प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।हरदा, खिरकिया, टिमरनी और छनेरा स्टेशनों पर भी प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग करते हुए उइके ने कहा कि जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर रेल सुविधा मिलना जरूरी है।
साथ ही बैतूल से हरिद्वार के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने अथवा ट्रेनों का विस्तार करने की मांग भी रखी गई।रेल मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
