रेत के अवैध परिवहन में शामिल 2 ट्रेक्टर जप्त किये*हरदा 22 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिये लगातार कार्यवाही जारी है।
जिला खनिज अधिकारी श्री आर.पी. कमलेश ने बताया कि मंगलवार को खनिज व राजस्व विभाग के दल ने खनिज के अवैध उत्खनन व परिवहन के विरूद्ध संयुक्त रूप से कार्यवाही की। तहसीलदार और खनिज अधिकारी ने हरदा से छिपानेर रोड़ पर ग्राम भुन्नास तक अवैध उत्खनन एवं परिवहन की जांच की। जांच के दौरान स्वागत गेट हरदा के पास जान डियर ट्रेक्टर नम्बर एम 47 एच 0775 द्वारा बिना अभिवहन पास के रेत का अवैध परिवहन करते पाया गया। ट्रेक्टर को चालक जुगल केवट निवासी सुरजना तहसील हंडिया से जप्त कर थाना कोतवाली हरदा मे खड़ा किया गया। जांच के दौरान एक अन्य जान डियर ट्रेक्टर बिना नम्बर द्वारा ग्राम अबगांव में बिना अभिवहन पास के रेत का अवैध परिवहन पाया गया, जिसे चालक सुनील पिता किशन साय निवासी जामन्या तहसील छनेरा जिला खंडवा से जप्त कर थाना कोतवाली हरदा मे खड़ा किया गया है। दोनों ही प्रकरणों में गौण खनिज नियमों के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी।
