अभिषेक लोधी पत्रकार हंडिया
हंडिया में संघ का अनुशासनमय प्रदर्शन — एकता, अनुशासन और देशभक्ति का अद्भुत संगम, थाना प्रभारी आर.पी. कवरेती रहे पूरे संचलन में मौजूद
हंडिया। राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और संगठन शक्ति का भव्य प्रदर्शन आज हंडिया नगर में देखने को मिला, जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा आयोजित पथ संचलन गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।

यह अनुशासनमय संचलन रिद्धनाथ महादेव मंदिर परिसर से दोपहर 3 बजे प्रारंभ हुआ। इससे पूर्व मंदिर परिसर में संघ का बौद्धिक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रनिर्माण में संगठन की भूमिका, सेवा भावना और सामाजिक समरसता पर मार्गदर्शन दिया।

सत्र के बाद स्वयंसेवक पारंपरिक वेशभूषा में पंक्तिबद्ध होकर नगर के प्रमुख मार्गों — वीर भगत सिंह चौक, बजरंग चौक और खेड़ापति हनुमान मंदिर मार्ग से होते हुए निकले।
पथ संचलन के दौरान गूंज उठे जयघोष —
“भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय श्रीराम” — जिनसे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

नगर के नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर संघ स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इस अनुशासित संचलन को देखने उमड़ पड़े, जिससे नगर का वातावरण श्रद्धा और उत्साह से भर गया।
थाना प्रभारी आर.पी. कवरेती मय पुलिस बल के साथ पूरे संचलन में शामिल रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी। पुलिस दल ने संचलन मार्ग पर यातायात और सुरक्षा की व्यवस्था बखूबी संभाली।
