हंडिया के पास बड़ा हादसा टला, सड़क किनारे खड़ी प्लेटिना बाइक में लगी भीषण आग, पूरी तरह जलकर खाक।

हंडिया। खातेगांव निवासी फारुख पिता मुर्तजा अपनी प्लेटिना बाइक से हरदा की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान हंडिया के समीप उन्होंने कुछ समय के लिए सड़क किनारे बाइक खड़ी की और बाथरूम जाने के लिए पीछे मुड़े ही थे कि अचानक बाइक से धुआं उठता दिखाई दिया।

धुआं निकलते देख फारुख कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बाइक धू-धू कर जलने लगी। घटना स्थल पर मौजूद राहगीरों में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।घटना की सूचना तत्काल हंडिया पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से पानी, रेत व मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग तो बुझा दी गई, लेकिन तब तक प्लेटिना बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।गनीमत यह रही कि हादसे के समय बाइक के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक रूप से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर चलने वाले दोपहिया वाहनों की सुरक्षा और नियमित जांच की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment