हंडिया। तहसील क्षेत्र हंडिया से एक संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है।थाना हंडिया क्षेत्र के ग्राम नयापुरा से आदिवासी गोंड समाज की युवती की गुमशुदगी को लेकर अब समाज खुलकर सामने आ गया है। आदिवासी गोंड समाज हरदा ने पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर युवती की शीघ्र व सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम नयापुरा निवासी गोंड समाज की युवती को गांव के ही एक युवक द्वारा पूर्व नियोजित तरीके से अपने साथ ले जाने का आरोप है। इस घटना से आदिवासी गोंड समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। समाज का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक परिवार का नहीं। बल्कि पूरे समाज की मर्यादा, परंपरा और सामाजिक व्यवस्था से जुड़ा विषय है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि इस संबंध में थाना हंडिया में पहले ही रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है,लेकिन अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही,जिससे समाज में नाराजगी और चिंता बढ़ती जा रही है।
आदिवासी गोंड समाज के प्रतिनिधियों ने साफ कहा है कि यदि युवती को जल्द से जल्द सुरक्षित नहीं खोजा गया,तो समाज को आंदोलन और सामूहिक विरोध का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस व्यवस्था की होगी।
फिलहाल अब सभी की नजरें थाना हंडिया पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तेजी और गंभीरता दिखाता है।
