तलाई टप्पर पर अंडरपास की मांग तेज: विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने NHAI और कलेक्टर को लिखा पत्र।

हरदा ।विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने हरदा जिले से गुजर रहे फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर तलाई टप्पर के पास अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर सख्त पहल की है। विधायक ने इस संबंध में हरदा कलेक्टर एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को पत्र प्रेषित कर जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि तलाई टप्पर मार्ग से ग्राम भादूगांव, भवरतलाब, खेड़ा, राततलाई, ऊवां, खरदना, नयापुरा, चिराखान, जोगा, कांकड़दा, ऊंढाल, ऊंचान सहित लगभग 10 से 15 गांवों के हजारों ग्रामीणों का नियमित आवागमन होता है।

किसानों की कृषि उपज, ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही और वेयर हाउस कॉर्पोरेशन के गोदामों तक पहुंचने वाले वाहनों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है।फोरलेन मार्ग पर अंडरपास नहीं होने के कारण ग्रामीणों को तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

विधायक ने इसे जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए विभाग की बड़ी चूक करार दिया है।डॉ. दोगने ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तलाई टप्पर के पास शीघ्र अंडरपास निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

बताया गया है कि उक्त पत्र की प्रतिलिपि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नई दिल्ली के अध्यक्ष, मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।

Leave a Comment