किल्लौद।आज ग्राम बालियापुरा में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से छोटू पवार पिता विलास पवार निवासी ग्राम मौजवाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीर एवं ग्रामीण एकत्रित हो गए, लेकिन किसी ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की।
इसी दौरान मौके पर पहुंचे एडवोकेट सुनील राठौड़ ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया, लेकिन समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर उन्होंने बिना देर किए निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किल्लौद पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल खंडवा रेफर किया गया, जहां भी उन्हें निजी वाहन से भेजा गया।क्षेत्रवासियों ने एडवोकेट सुनील राठौड़ के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसे लोग ही समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो बिना स्वार्थ जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते हैं।
साथ ही क्षेत्र में एम्बुलेंस सुविधा की कमी पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। एडवोकेट सुनील राठौड़ ने पहले भी किल्लौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए एम्बुलेंस की मांग उठाई है, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
