युवालय के युवा साथियों ने नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की ।

रिपोर्टर अभिषेक लोधी

हंडिया। सिनर्जी संस्थान के युवालय प्रोग्राम के अंतर्गत तहसील हंडिया में युवा साथियों द्वारा दो दिवसीय नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई।

अभियान के प्रथम दिन ग्राम साल्यखेड़ी एवं उँढाल में युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया तथा दीवार लेखन किया।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तंबाकू, सिगरेट, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

नाटक के जरिए युवाओं ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।अभियान के दौरान युवाओं ने गांव की प्रमुख दीवारों पर नशा मुक्ति से संबंधित प्रेरणादायक नारे लिखकर लोगों को जागरूक किया।

ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए नशे के खिलाफ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में युवा साथियों एवं ग्रामवासियों द्वारा सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली गई।

सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।युवालय के इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं समुदाय में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

अभियान के आगामी चरण में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Comment