हंडिया : सैकड़ों लोग पहुंचे विद्युत कार्यालय विद्युत कटौती से परेशान और बढ़े हुए बिजली बिलों से नाराज ग्रामीण, जल्द समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी।

हंडिया।नगर में लगातार हो रही अनियमित बिजली कटौती और इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष विद्युत सब स्टेशन पहुंचकर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग एक माह से “मेंटेनेंस” के नाम पर बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है, जिससे आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

खासकर पेयजल व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर विभागीय अधिकारी और कर्मचारी फोन नहीं उठाते, जिससे समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम लगभग 4 बजे से लेकर शुक्रवार तक लंबे समय तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई और इसे अनुचित बताया।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर उप महाप्रबंधक संजय यादव को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो भविष्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

उप महाप्रबंधक संजय यादव ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Comment