संवाददाता अनिल मालवीय सिराली
हरदा जिले कि तहसील /सिराली मे ,बढ़ते बिजली बिलों, स्मार्ट मीटरों की स्थापना और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में सोमवार को सिराली में जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ के नेतृत्व में व्यापारियों, ग्रामीणों एवं नागरिकों ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर हरदा के नाम नायाब तहसीलदार सिराली को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
संघ अध्यक्ष शेख असलम के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे आमजन में भारी असंतोष व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए तथा पुराने मीटर पुनः स्थापित किए जाएं।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पिछले कई महीनों से उपभोक्ताओं को अत्यधिक एवं विवादित बिजली बिल जारी किए जा रहे हैं।
मीटर रीडिंग और बिलिंग में कथित विसंगतियों के कारण आम नागरिकों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। संघ ने ऐसे बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें वापस लेने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने बिना पूर्व सूचना के की जा रही बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताई।
उनका कहना था कि अचानक बिजली बंद होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं और आम लोगों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा एवरेज आधार पर जारी किए गए बिलों का समायोजन आगामी बिलों में करने तथा उपभोक्ताओं के प्रति कथित रूप से अनुचित व्यवहार करने वाले कर्मचारियों अधिकारी के स्थानांतरण की मांग भी की गई।
आंदोलन के दौरान तीन प्रमुख मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई गई— बढ़े हुए बिजली बिल तत्काल वापस लिए जाएं, स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाएं तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मौके पर नगर के फुटकर व्यापारी सहित नागरिक मजदूर किसान वर्ग के उपभोक्ता अपनी-अपनी समस्याएं बताते नजर आए।
इस अवसर पर जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ के अध्यक्ष शेख असलम, सचिव आशीष पवार, उपाध्यक्ष दिनेश नामदेव, महेंद्र मालवीय, जिला अध्यक्ष सत्यनारायण सुचार, उपाध्यक्ष शैतान उईके, करणी सेना सिराली अध्यक्ष विवेक सिंह राजपूत, अंकित लोनिया, विक्की वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।
आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी सीताराम पटेल अपने पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।इस संबंध में जेई योगेश गौर ने कहा कि विभाग को प्राप्त होने वाली उपभोक्ताओं की शिकायतों की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ ने सभी नागरिकों,एवं व्यापारी बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आंदोलन के दौरान “स्मार्ट मीटर हटाओ” और “बढ़े हुए बिजली बिल वापस लो” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा तथा लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।
