अभिषेक लोधी की खबर
हंडिया (हरदा): देश भर में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (National Doctor’s Day) के अवसर पर धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टरों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हंडिया में एक सादे और गरिमामयी समारोह का आयोजन कर डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया पर तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर संदीप पटेल और चिकित्सालय के समस्त स्टाफ को इस खास दिन की बधाई देने इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक पिड़गांव (हरदा)(Equitas Small Finance Bank) की टीम पहुंची। बैंक के मैनेजर मणिकांत महाला, सेल्स ऑफिसर रामशंकर भदौरिया और सलमान खान ने संयुक्त रूप से अस्पताल परिसर में केक कटवाकर डॉक्टर संदीप पटेल और पूरे स्टाफ को डॉक्टर्स डे की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बैंक मैनेजर मणिकांत महाला ने कहा कि डॉक्टर समाज का वह मजबूत स्तंभ हैं जो अपनी परवाह किए बिना दिन-रात मानवता की सेवा में जुटे रहते हैं। उनके इस निस्वार्थ योगदान और समर्पण के सम्मान में आज यह छोटा सा प्रयास किया गया है।
