हंडिया:12 वर्षीय अपहृत बालक का शव अजनाल नदी के किनारे मिला; पुलिस और SDRF की संयुक्त टीम ने चलाया था कड़ा सर्च ऑपरेशन, मर्ग कायम कर जांच शुरू।

हंडिया।थाना हंडिया क्षेत्र के ग्राम खरदाना से लापता हुए 12 वर्षीय नाबालिग बालक विशाल उर्फ गोलू पिता राजेश कोरकू (कलम) का शव घटना के तीसरे दिन भैंसवाड़ा बैक वाटर (महेन्द्र गांव लोटिया के पास) अजनाल नदी के किनारे से बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवाया है और मामले की सघन विवेचना शुरू कर दी है।

*घटना का संक्षिप्त विवरण:* दिनांक 01/07/2026 को डायल 112 के माध्यम से ग्राम खरदाना में एक 12 वर्षीय बालक के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना हरदा में अपराध क्र. 280/26, धारा 137(2) बीएनएस (BNS) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

*जांच के दौरान मिले अहम सुराग:*विवेचना के दौरान जब पुलिस टीम ने ग्राम खरदाना पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की, तो ज्ञात हुआ कि बालक विशाल घटना के समय अजनाल नदी के पास मीशू उर्फ मिश्रीलाल बडियार के खेत की तरफ बकरियां चराने गया था। उसके साथ गए अन्य छोटे बच्चों ने बताया कि सुबह करीब 08:00 से 10:00 बजे के बीच गांव का ही नर्मदाप्रसाद कोरकू (उम्र करीब 30 वर्ष) वहां आया था, जो अजनाल नदी के किनारे विशाल के पीछे मारपीट करने के लिए दौड़ लगा रहा था। डर के मारे अन्य बच्चे भागकर घर आ गए थे।

शाम को बकरियां तो अकेले घर लौट आईं, लेकिन विशाल वापस नहीं लौटा। घटना के बाद से ही संदेही नर्मदाप्रसाद अपने ठिकाने से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

*विशाल स्तर पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन:*चूंकि अजनाल नदी में भारी बाढ़ और उफान था, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशाल खोजी अभियान शुरू किया गया। इस सर्च ऑपरेशन में हंडिया थाने के बल के साथ-साथ रक्षित केंद्र का बल, 18वीं वाहिनी एसएफ (SF), थाना टिमरनी, थाना रहटगांव, और थाना छीपाबड़ के पुलिस बल सहित SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम को लाइव जैकेट और मोटर बोट के साथ तैनात किया गया।

अथाह और मटमैले पानी के बावजूद पुलिस और SDRF की टीमों ने ग्राम उंवा, काकडदा, काली सराय, लोटिया, करणपुरा, और भैंसवाडा नर्मदा नदी के बैक वाटर क्षेत्र में दिन-रात सघन सर्चिंग की।

इसके अलावा पड़ोसी जिलों (देवास एवं खंडवा) को भी सूचित किया गया था और इंदिरा सागर डैम के अधिकारियों के सहयोग से भी तलाश जारी रखी गई थी।

*शव की बरामदगी एवं पंचनामा कार्रवाई:*दिनांक 03/07/2026 को लगातार जारी सर्चिंग के दौरान परिजनों की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल भैंसवाड़ा बैक वाटर महेन्द्र गांव लोटिया के पास अजनाल नदी के किनारे पहुंची। वहां बालक विशाल उर्फ गोलू का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा हुआ पाया गया।

खराब मौसम, लगातार हो रही बारिश और नदी का जलस्तर दोबारा बढ़ने व शव के बह जाने के खतरे को देखते हुए, वरिष्ठ अधिकारियों के मौखिक निर्देशानुसार, मौके की संपूर्ण फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी कराकर पंचों के समक्ष शव पंचनामा (देहाती मर्ग क्र. 0/26, धारा 194 BNSS) की कार्रवाई की गई।

शव करीब 2-3 दिन पुराना होने के कारण फूल गया था। मृतक के शरीर और चेहरे पर चोटों के निशान व गहरे घाव पाए गए हैं। पंचों और ग्रामीणों द्वारा बालक के साथ मारपीट कर पानी में डुबोने की आशंका व्यक्त की गई है।

*वर्तमान स्थिति एवं अग्रिम कार्रवाई:*पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य (पानी का सैंपल आदि) एकत्र किए गए हैं। शव को सुरक्षित रूप से मर्चुरी रूम फ्रीजर (शासकीय जिला अस्पताल हरदा) में रखवाया गया है, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम (PM) कराया जाएगा। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और फॉरेंसिक (FSL) जांच के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

फरार संदेही नर्मदाप्रसाद की गिरफ्तारी और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Comment