संवाददाता आनंद गवली
भगवानपुरा। हरियाली अमावस्या के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और गांव में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, ग्राम भगवानपुरा द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उन्हें पौधों का वितरण किया गया।
ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष मनोहर कोगे ने कहा कि हरियाली अमावस्या प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद करने का अवसर है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें नियमित रूप से पानी देना, सुरक्षित रखना और वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण एवं गांव को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। समिति द्वारा आयोजित इस पौधारोपण कार्यक्रम से ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा।
