संवाददाता अनिल मालवीय सिराली जिला हरदा
सिराली। “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” अभियान के तहत रविवार को सिराली नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, किसान मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नगर के नागरिक शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे नगर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिलीप गौर ने बताया कि यह अभियान केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश आजादी के अमृत काल का उत्सव मना रहा है और इसी के तहत 2 अगस्त से 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा” अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो सके।तिरंगा यात्रा सिराली के पुराना बस स्टैंड से होकर नया बस स्टैंड, गांधी चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नगर परिषद परिसर में पहुंची। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और तिरंगे के सम्मान में गगनभेदी नारे लगाए गए।
नगर परिषद कार्यालय में स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर सभी उपस्थित जनों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा तिरंगा यात्रा का समापन किया।कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप गौर, जगदीश सोलंकी सिराली मंडल अध्यक्ष अनिल राजपूत,राजेंद्र मीणा नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कैलाशचंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्याम बुचा, माधवी पंकज गुप्ता गोपाल सोनी ,कमल कोशिक, रामकृष्ण लखेरे, कुंज बिहारी सोमानी (शंभू सोमानी) ,मुकेश पटवारे,दिलीप गोरखे, सहित सिराली भाजपा मंडल के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, नगरवासियों सहित शासन-प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा आजादी के अमृत काल में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
