हंडिया। धर्म रक्षा समिति जिला हरदा के तत्वावधान में लगातार 21 वर्षों से आयोजित की जा रही भव्य ऐतिहासिक जय भोले कावड़ यात्रा आज सुबह माँ नर्मदा नाभि तीर्थ नेमावर से भगवान गुप्तेश्वर की नगरी चारूवा के लिए रवाना हुई।

सुबह करीब 6 बजे से ही कावड़ियों का प्रस्थान शुरू हो गया था। भगवा ध्वजों और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कावड़िए श्रद्धा एवं उत्साह से यात्रा में शामिल हुए।यात्रा के हंडिया पहुंचने पर बस स्टैंड स्थित भगत सिंह चौराहे पर बजरंग सेना हंडिया द्वारा कावड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।

इस दौरान कावड़ियों का पुष्पवर्षा एवं आत्मीय स्वागत करते हुए सल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।कावड़ यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा के स्वागत एवं सेवा में जुटे रहे।
