तिलभांडेश्वर कांवड़ यात्रा का विधायक कुंवर अभिजीत शाह ने किया शुभारंभ, महादेव को चढ़ाया नर्मदा जल।

संवाददाता आनंद गवाली

हरदा जिले की तहसील सिराली में श्रावण मास के पावन अवसर पर आस्था, भक्ति और शिवमय उत्साह के साथ तिलभांडेश्वर कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया।

सोमवार सुबह 8 बजे टिमरनी विधायक कुंवर अभिजीत शाह ने मकड़ाई स्थित प्राचीन नागझिरी मंदिर से कांवड़ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।इस अवसर पर शासन-प्रशासन की ओर से थाना प्रभारी सीताराम पटेल, एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल, तहसीलदार सहित पुलिस थाना स्टाफ मौजूद रहा।

यात्रा के शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कांवड़ यात्री नागझिरी मंदिर के कुंड से पवित्र नर्मदा जल कांवड़ में लेकर बाबा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर, सिराली के लिए रवाना हुए। कांवड़ यात्रा नागझिरी मंदिर से सोनपूरा, खुदिया, जिनवानिया और रामपुरा होते हुए सिराली पहुंची।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय भोलेनाथ” के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव पर श्रद्धालुओं ने पवित्र नर्मदा जल से बाबा तिलभांडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग शिवमय नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया।आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और भक्ति के साथ धार्मिक जागरण तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।

श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ यात्रा में सहभागिता कर धार्मिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

Leave a Comment