संवाददाता आनंद गवली
सिराली सर्व समाज ने उत्साह और उमंग के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सवभगवानपुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार रात्रि ग्राम भगवानपुरा में भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री राधा जी की भव्य झांकी सर्व समाज द्वारा बड़े ही उत्साह, उमंग और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई।
झांकी को लेकर ग्रामीणों में सुबह से ही उत्साह का माहौल बना हुआ था।रात्रि में आकर्षक साज-सज्जा के साथ भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री राधा जी की झांकी तैयार की गई। झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु उपस्थित हुए।
जैसे ही झांकी गांव के प्रमुख मार्गों से निकली, पूरा वातावरण जय श्री कृष्ण, राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री राधा जी के दर्शन किए तथा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा झांकी का स्वागत किया गया।
बच्चों और युवाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के इस धार्मिक आयोजन में सर्व समाज की सहभागिता देखने को मिली। ग्रामीणों ने आपसी भाईचारे और एकता के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा तथा देर रात तक श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
आयोजन के दौरान धार्मिक गीत, भजन एवं श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ग्रामीणों ने भगवान श्रीकृष्ण से गांव में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। जन्माष्टमी के अवसर पर निकाली गई भव्य झांकी ने पूरे भगवानपुरा को कृष्णमय कर दिया।
