संवाददाता आनंद गवली सिराली
भांडेश्वर शंकर मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर हुआ हरिहर मिलन, रात्रि 12 बजे गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
सिराली। बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर सिराली स्थित श्री तिलभांडेश्वर शंकर मंदिर में हरिहर मिलन का आयोजन धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आयोजित हुए इस दिव्य मिलन में भगवान शिव और भगवान विष्णु के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बैकुंठ चतुर्दशी की मध्यरात्रि को भगवान विष्णु और भगवान शिव का मिलन होता है। यही परंपरा हरि और हर की एकता, समरसता और सनातन धर्म की अद्भुत आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक मानी जाती है।
इस विशेष अवसर पर मंदिर में भगवान भोलेनाथ एवं भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की गई। रात्रि ठीक 12 बजे जैसे ही हरिहर मिलन हुआ, पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
हरिहर मिलन के दौरान मंदिर में हर-हर महादेव और भगवान विष्णु के जयकारों से वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया। बैकुंठ चतुर्दशी का यह पावन पर्व शिव और विष्णु भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को हरि और हर की अभिन्नता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पंडित दिनेश जी शर्मा, सोमेश अग्रवाल, नवीन गुप्ता, पदम राजपूत, दिलीप सोनेर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।