बैतूल सहित हरदा के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस को मिली मंजूरी

बैतूल सहित हरदा के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस को मिली मंजूरी
बैतूल। बैतूल संसदीय क्षेत्र सहित हरदा जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भुसावल से नागपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी दी है।

केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया था। इस संबंध में उन्होंने 6 अगस्त 2026 को रेल मंत्री को पत्र प्रेषित किया था। इसके प्रत्युत्तर में रेल मंत्री ने अवगत कराया है कि ट्रेन क्रमांक 11111/11112 भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

स्वीकृत मार्ग के अनुसार यह ट्रेन छनेरा, खिरकिया, हरदा, टिमरनी, घोड़ाडोंगरी, बैतूल, आमला एवं मुलताई से होकर संचालित होगी। इससे हरदा जिले सहित बैतूल और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को भुसावल एवं नागपुर के बीच आवागमन के लिए एक नया रेल विकल्प उपलब्ध होगा।

इस सुविधा से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेल अवसंरचना का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र की जनता को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने और विकास के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन की स्वीकृति क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

Leave a Comment