हंडिया: आज से नर्मदा परिक्रमा शुरू, घाट पर उमड़ा जनसैलाब, व्यवस्था पूरी तरह फेल।

रिपोर्टर अभिषेक लोधी हंडिया

हंडिया । हंडिया में आज से नर्मदा परिक्रमा की शुरुआत हो गई है। परिक्रमा शुरू होते ही हंडिया के नर्मदा घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही दूर-दूर से श्रद्धालु परिक्रमा के लिए हंडिया पहुंच रहे हैं। आने वाले दिनों में घाट पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा और बढ़ने की संभावना है।

लेकिन परिक्रमा के पहले ही दिन हंडिया घाट पर व्यवस्था की पोल खुल गई। ग्राउंड पर जाकर देखा तो न तो प्रशासन नजर आया, न पुलिस, और न ही ग्राम पंचायत की कोई व्यवस्था।

*पार्किंग में लगी दुकानें, लगा जाम*

घाट पर श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बनाई गई पार्किंग में लोगों ने दुकानें लगा ली हैं। जिस वजह से वाहन खड़े करने की जगह नहीं बची। पुलिस बल मौजूद नहीं होने के कारण घाट रोड पर जाम की स्थिति बन गई और श्रद्धालुओं को पैदल चलने में भी परेशानी हुई।

*ना साफ-सफाई, ना पानी, ना व्यवस्था*

घाट पर ग्राम पंचायत की ओर से ना साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है, ना बैठने की, ना पीने के पानी की। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। परिक्रमा पर जा रहे श्रद्धालु, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी परेशान होते नजर आए।

*घाट पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं*

सबसे बड़ी बात यह है कि परिक्रमा के पहले दिन घाट पर कोई भी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं था। ना तहसील प्रशासन का कोई व्यक्ति, ना पुलिस प्रशासन, ना ग्राम पंचायत हंडिया का कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नजर आया।

श्रद्धालुओं का कहना है कि अगर पहले ही दिन ये हाल है तो आगे आने वाले दिनों में क्या होगा? प्रशासन को अभी से व्यवस्था सुधारनी होगी, नहीं तो बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।

श्रद्धालुओं की मांग है कि घाट पर तुरंत पुलिस बल तैनात किया जाए, पार्किंग खाली कराई जाए, साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए और एक जिम्मेदार अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए।

Leave a Comment