हरदा में 20 लाख की एमडी ड्रग्स का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, राजस्थान से पकड़कर लाई पुलिस

हरदा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिराली पुलिस ने 20 लाख रुपये कीमत की 99 ग्राम एमडी ड्रग्स के मामले में राजस्थान से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवीसिंह परिहार निवासी रोजाना, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिराली में 17 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 380/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। ग्राम रहटाकलां बस स्टैंड के पास से राजस्थान निवासी दो आरोपियों विकास और बनेसिंह के कब्जे से 99 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।


दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने राजस्थान के झालावाड़ जिले के रोजाना निवासी देवीसिंह परिहार से एमडी ड्रग्स खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर झालावाड़ पहुंची और बताए गए स्थान से देवीसिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में देवीसिंह ने दोनों आरोपियों को एमडी ड्रग्स बेचना स्वीकार किया। साथ ही उसके द्वारा शराब बेचने का कारोबार करने की जानकारी भी सामने आई।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हरदा न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस अब मादक पदार्थों की सप्लाई के अन्य स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा और एसडीओपी खिरकिया अश्वनी कुमार के नेतृत्व में की गई।

Leave a Comment