हरदा।करणी सेना परिवार हरदा के जिला अध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत की फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी सस्पेंड कर दी गई है। इसको लेकर रविवार रात से संगठन के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में हलचल मची हुई है।
संगठन ने दी जानकारी

संगठन की ओर से जारी की गई जानकारी के अनुसार जिला अध्यक्ष की दोनों सोशल मीडिया आईडी सस्पेंड हुई हैं। यह जानकारी संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की गई।
*UGC रोल बैक को लेकर कर रहे थे पोस्ट*
बताया जा रहा है कि जिला अध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत धर्म, समाज सेवा और यूजीसी रोल बैक को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल रहे थे। समर्थकों का कहना है कि इसी दौरान उनकी आईडी सस्पेंड कर दी गई।
समर्थकों ने बताया आवाज दबाने की साजिश

आईडी सस्पेंड होने के बाद समर्थकों ने इसे आवाज दबाने की साजिश और डिजिटल स्ट्राइक बताया है। समर्थकों का कहना है कि यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है।
संगठन ने जारी की सांगठनिक आवश्यक सूचना
आईडी सस्पेंड होने के बाद संगठन ने सांगठनिक आवश्यक सूचना जारी की है। इसमें कहा गया है कि आगे की सभी आधिकारिक जानकारी संगठन के अन्य पदाधिकारियों की आईडी से साझा की जाएगी।
सूचना में बताया गया है कि अब संगठन की जानकारी जिला अध्यक्ष करणी सेना हरदा के तौर पर भारतीय कंचन सिंह सोलंकी और तहसील अध्यक्ष विवेक सिंह राजपूत की आईडी से आएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
टिमरनी में सौंपा गया ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

इस मामले में आज दिनांक 23 नवंबर 2026 को तहसील कार्यालय, टिमरनी में समस्त राजपूत समाज एवं सर्व समाज की उपस्थिति में शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान सभी सामाजिक बंधुओं एवं युवाओं ने एकजुट होकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा शासन-प्रशासन से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग रखी।
समाज की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, सच्चाई सामने आए और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
“पहले भी 3 आईडी बंद हो चुकीं”
इस मामले पर जिला अध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि 2 साल पहले भी उनकी 3 आईडी बंद की जा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि फेसबुक पर उनके करीब 30 हजार फॉलोवर थे, जिनमें सर्व समाज के लोग जुड़े थे, और इंस्टाग्राम पर करीब 17 हजार फॉलोवर थे। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआत से आईडी बैन नहीं होती तो आज उनके फॉलोवर करीब 1 लाख होते।
सुनील सिंह ने कहा कि वे जंगल कटाई, किसानों की पीड़ा, सर्व समाज, शासन-प्रशासन, यूजीसी, 15 तारीख को होने वाली पद यात्रा और 4 दिसंबर को गो सम्मान अभियान को लेकर निरंतर पोस्ट कर रहे थे। आम जनता की समस्या — रोड, स्कूल, हॉस्पिटल और आंदोलन की हर जानकारी लोगों तक पहुंचती थी।
उन्होंने कहा, “आईडी बैन कर सकते हैं, लोगों के दिलों में जगह को बैन नहीं कर सकते। अब लड़ाई और मजबूती से लड़ेंगे। आने वाला समय निर्दलीय युवाओं का समय है।”
आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल आईडी सस्पेंड होने का आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। यह स्पष्ट नहीं है कि आईडी कम्युनिटी गाइडलाइन के उल्लंघन, रिपोर्ट या किसी अन्य कारण से सस्पेंड हुई है।