पंचायत चुनाव से पहले ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की होगी जांच? सरकारी राशि के हिसाब और निर्माण कार्यों के सत्यापन पर उठे सवाल।

संवाददाता आनंद गवली सिराली

पिछले वर्षों में हुए निर्माण कार्यों, स्वीकृत राशि और भुगतान का हो भौतिक सत्यापन, पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत,

मध्यप्रदेश की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समय-समय पर शिकायतें और सवाल सामने आते रहे हैं। कहीं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठते हैं तो कहीं अधूरे कार्यों और सरकारी राशि के उपयोग को लेकर शिकायतें की जाती हैं।

ऐसे में आगामी पंचायत चुनाव से पहले ग्राम पंचायतों में पिछले वर्षों के विकास कार्यों की जांच और वित्तीय रिकॉर्ड के सत्यापन का मुद्दा महत्वपूर्ण हो गया है।ग्राम पंचायतों में सड़क, नाली, भवन निर्माण, पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए शासन द्वारा राशि उपलब्ध कराई जाती है।

इन कार्यों पर खर्च की गई राशि और मौके पर उनकी वास्तविक स्थिति का मिलान होना जरूरी है। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्वीकृत राशि के अनुरूप कार्य पूरे हुए हैं या नहीं और निर्माण की गुणवत्ता निर्धारित मापदंडों के अनुसार है या नहीं।

क्या चुनाव से पहले चलेगा जांच अभियान?अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आगामी पंचायत चुनाव से पहले प्रशासन ग्राम पंचायतों में पिछले वर्षों के विकास कार्यों का विशेष सत्यापन कराएगा या नहीं? क्या निर्माण कार्यों के बिल-वाउचर, भुगतान रिकॉर्ड, माप पुस्तिका और मौके पर हुए निर्माण का मिलान कराया जाएगा? क्या शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाएगी?जवाबदेही तय होना जरूरी।

पंचायतों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जरूरी है कि संबंधित विभाग समय-समय पर विकास कार्यों का निरीक्षण करे। जिन कार्यों को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या लापरवाही प्रमाणित होती है तो नियमानुसार जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए।

यह किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाने का विषय नहीं, बल्कि सरकारी धन के सही उपयोग और ग्रामीण विकास से जुड़ा जनहित का सवाल है।

पंचायतों में हुए कार्यों की निष्पक्ष जांच से जहां वास्तविक स्थिति सामने आएगी, वहीं ईमानदारी से काम करने वाले जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों का पक्ष भी स्पष्ट होगा।

अब देखना होगा कि पंचायत चुनाव से पहले शासन और प्रशासन इस दिशा में कोई विशेष जांच अभियान शुरू करता है या नहीं। ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।

Leave a Comment