खिरकिया। पोखरनी में स्टेट हाईवे पर आधी रात को लगे लंबे जाम की खबर *वर्ल्ड स्वराज न्यूज़* पर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और शाम होते-होते उसी जगह JCB मशीन पहुंच गई।बताया जा रहा है कि स्टेट हाईवे पर मरम्मत कार्य के दौरान सड़क पर गिट्टी के ढेर लगा दिए गए थे। इसके चलते आधी रात को वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। ट्रक, बस और छोटे वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार शाम को विभाग की टीम JCB लेकर मौके पर पहुंची। JCB की मदद से सड़क पर पड़े गिट्टी के ढेरों को बराबर किया गया और आवाजाही के लिए रास्ता सुगम बनाया गया।
देर शाम तक मरम्मत कार्य चलता रहा।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अगर मरम्मत कार्य समय पर और व्यवस्थित तरीके से किया जाता तो जाम की स्थिति बनती ही नहीं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इस मार्ग पर धूल और गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। रात के समय तो स्थिति और भी खराब हो जाती है।
फिलहाल मरम्मत शुरू होने से राहगीरों ने राहत की सांस ली है। लोगों को उम्मीद है कि विभाग जल्द ही पूरे मार्ग को दुरुस्त करेगा, ताकि भविष्य में फिर से इस तरह जाम की स्थिति न बने।*वर्ल्ड स्वराज न्यूज़* इस मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।