आधी रात को लगा जाम, भयानक दुर्घटना की आशंका, कार्य में विलंब के चलते राहगीर परेशान

हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे पर पोखरनी में 200 मीटर तक सड़क आधी खुदी, आधी टूटी, आमने-सामने वाहन आने पर लग जाता है जाम

हरदा/खिरकिया। वर्षों से बदहाल हरदा-खंडवा स्टेट हाईवे अब राहगीरों के लिए खतरे की घंटी बनता जा रहा है। आए दिन हो रही घटनाओं के बावजूद इस सड़क पर मरम्मत कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा को एक वर्ष से ऊपर बीत जाने के बाद भी धरातल पर स्थिति ज्यों की त्यों देखी जा सकती है।

मरम्मत की जहां सख्त जरूरत वही 3 किमी का हिस्सा छोड़ा

पूर्व मंत्री द्वारा मार्ग मरम्मत का भूमि पूजन एवं वर्तमान विधायक द्वारा पोखरनी से हरदा पैदल यात्रा निकालने के बाद लगभग डेढ़ महीने से मरम्मत कार्य तो चल रहा है, लेकिन छीपावड से पोखरनी के बीच लगभग 3 किलोमीटर के हिस्से को छोड़ रखा है।

पोखरनी में 200 मीटर तक खतरे का सफर

पोखरनी में लगभग 200 मीटर के हिस्से की तो हालत बहुत ही नाजुक है। जहां पर सड़क के आधे हिस्से की लगभग डेढ़-दो फीट खुदाई करके उसमें गिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं। बाकी बची आधी सड़क भी ऊबड़-खाबड़ और सिंगल पट्टी है, जिसमें आमने-सामने दो वाहन आ जाने पर सड़क बंद हो जाती है। दूसरी तरफ गहरी खाई है।

रात को ट्रक चालकों में होता है विवाद, लग जाता है लंबा जाम

इस जगह पर गुजरने के दौरान आमने-सामने वाहन आ जाने पर अक्सर वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो जाती है। विगत रात को 12 बजे यही हुआ, दो ट्रक चालकों के बीच विवादित स्थिति बनी और साइड लेने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई।

खाई में फिसली बाइक, युवक घायल

इस दौरान एक मोटरसाइकिल साइड से निकलते वक्त खाई में फिसलने से बाइक सवार को भी चोट आने की जानकारी मिली है। गनीमत रही कि चोट मामूली लगी।

भारी वाहन अब गांव की गलियों से निकल रहे, गांव में भी भय

लंबे समय से रोड क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ बड़े वाहन पोखरनी से सीधे खिरकिया जो कि 3 किलोमीटर का सिंगल पट्टी रोड बना हुआ है, होते हुए छिपावड पहुंच रहे हैं। इस कारण पोखरनी से खिरकिया मार्ग भी भारी वाहनों के दबाव में क्षतिग्रस्त हो रहा है और गांव की सकरी गलियों में से भारी वाहन निकलने के कारण गांव में भी दुर्घटना का भय बना रहता है।

धूल से सांस लेना मुश्किल, ग्रामीण परेशान

इधर स्टेट हाईवे पर गुजरते वाहनों से भारी मात्रा में धूल उड़कर लोगों के घरों में छा रही है, जिससे स्थानीय निवासियों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय प्यार सिंह और राधेश्याम ने बताया कि लगभग डेढ़ महीने से यही स्थिति है, इसमें कोई ध्यान देने वाला नहीं है। हालांकि छीपावड से हरदा की ओर मरम्मत कार्य चल रहा है, लेकिन छिपावड से पोखरनी तक कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

ग्रामीणों ने जताई भयानक दुर्घटना की आशंका

सड़क की स्थिति और लगातार हो रही घटनाओं पर ग्रामीणों ने दुर्घटना की आशंका जताते हुए कहा है कि इस पर स्कूल वाहन, बड़े वाहन, जीप, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल भारी संख्या में गुजरते हैं। जल्दी ही मरम्मत नहीं हुई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

Leave a Comment