संवाददाता अनिल मालवीय सिराली
जिला हरदा एमपी से खबर हरदा / जिले में बाल विवाह रोकने एवं बाल विवाह के प्रति लोगों में जागरूकता प्रसारित करने के उद्देश्य से गठित 08 लीगल एड टीमों ने गांव-गांव जाकर दूल्हे-दुल्हनों के आई.डी. कार्ड जांच कर बाल विवाह होने की संभावनाओं पर लगाई लगाम।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर से प्राप्त निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष श्री अरविंद रघुवंशी तथा न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री चन्द्रशेखर राठौर के मार्गदर्शन में जिले में सोमवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर विशेष एक दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीण एवं अर्द्धशहरी क्षेत्रों में होने वाले बाल विवाह की रोकथाम एवं नालसा बच्चों के मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं के आलोक में आमजनों को जागरूक करने के लिए पैरालीगल वॉलेंटियर्स और अधिवक्तागण की कुल 08 लीगल एड टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर दौरा किया गया।
सदस्यों ने जिला मुख्यालय हरदा, तहसील टिमरनी, खिरकिया, रहटगांव, हण्डिया में चिन्हित किए गए हाईरिस्क गांवों में जाकर, विवाह होने वाले घरों में परिवार के सदस्यों से मुलाकात की तथा उन्हें बाल विवाह के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान वर एवं वधु की उम्र के प्रमाणीकरण के संबंध में उनके दस्तावेजों की जांच भी की गई। परिवार में उपस्थित लोगों को जिले के स्थानीय प्रशासन, पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल कल्याण समिति और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए संचालित किए जा रहे कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 में बाल विवाह कराने वाले परिजनों एवं सेवा प्रदाताओं को 2 साल के कारावास एवं एक लाख रूपये जुर्माने के प्रावधान के बारे में अवगत कराया गया। बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बनने के लिए लोगों को जिला प्राधिकरण से जुड़ने की अपील की गई।
आमजन में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के पंपलेट्स वितरित किए गए तथा लोगों को बताया गया कि यदि उन्हें उनके आसपास, बाल विवाह होने की जानकारी प्राप्त होती है तो वह तत्काल जिला स्तर पर संचालित कंट्रोल रूम में सूचित करें।
अभियान की मॉनीटरिंग तथा जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन तथा सभी शासकीय विभागों से समन्वय स्थापित करने का कार्य जिला विधिक सहायता अधिकारी व नोडल अधिकारी श्री सौरभ कुमार दुबे द्वारा किया गया।
