भगवानपुरा पंचायत की बाउंड्री निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, जांच के आश्वासन से बढ़ी हलचल।

संवाददाता आनंद गवली

भगवानपुरा/सिराली। जिला हरदा की तहसील सिराली अंतर्गत ग्राम पंचायत भगवानपुरा, जनपद पंचायत खिरकिया में भगवानपुरा पंचायत की बाउंड्री निर्माण कार्य को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।मामले को लेकर जब संबंधित इंजीनियर मैडम से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि भगवानपुरा पंचायत की बाउंड्री का निर्माण 15वें वित्त आयोग की राशि से कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में आगे की जानकारी एवं कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी से बात करना होगा।वहीं पूरे मामले को लेकर जनपद पंचायत खिरकिया की CEO श्रीमती रीना कुमारी जी से भी चर्चा की गई। CEO ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जल्द ही इसकी जांच कराई जाएगी और जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह उठता है कि भगवानपुरा पंचायत की बाउंड्री निर्माण में स्वीकृत राशि के अनुसार कार्य हुआ है या नहीं? निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन किया गया है या नहीं और सरकारी राशि का सही उपयोग हुआ है या नहीं—इन सभी बिंदुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में होने वाले विकास कार्यों में सरकारी राशि का पारदर्शी तरीके से उपयोग होना चाहिए।

यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।फिलहाल जनपद CEO द्वारा जल्द जांच कराने और अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों की नजर जांच प्रक्रिया पर टिकी हुई है। अब देखना यह है कि जांच कब शुरू होती है, जांच में क्या सामने आता है और भगवानपुरा पंचायत की बाउंड्री निर्माण मामले में आखिर जिम्मेदारी किसकी तय होती है

Leave a Comment