रिपोर्ट: अभिषेक लोधी
हंडिया / नेमावर |कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार को हंडिया और नेमावर के नर्मदा घाटों पर भक्तों का विशाल मेला लगा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जो दोपहर तक जनसैलाब में बदल गया।
सुबह से ही घाटों पर भीड़:
कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदा स्नान का विशेष महत्व है। इसी कारण हरदा, देवास, खंडवा, सीहोर सहित दूर-दराज के जिलों से हजारों श्रद्धालु अपने परिवार के साथ हंडिया और नेमावर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा में पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया।
*नेमावर घाट पर दिखा नजारा:
नेमावर के सिद्धनाथ मंदिर के सामने घाट पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। घाट पर पैर रखने की जगह नहीं थी। नर्मदा नदी में नावों में बैठकर श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा के दर्शन किए। घाट के आसपास लगी दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही।
*हंडिया घाट पर भी उत्साह:
हंडिया घाट पर भी सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ स्नान किया। श्रद्धालुओं ने माँ नर्मदा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं ने कहा –कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदा स्नान करने से मन को शांति मिलती है, हम हर साल आते हैं।