ओंकारा गौशाला में गौमाता की दयनीय हालत, जिम्मेदार बेखबर – सात दिन से बीमार गायों का नहीं हुआ उपचार।

खबर। खातेगांव क्षेत्र की ग्राम पंचायत ओंकारा स्थित गौशाला में गौमाता की हालत अत्यंत चिंताजनक और दयनीय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार गौशाला में गाय पिछले सात दिनों से बीमार पड़ी हैं, लेकिन अब तक उनके उपचार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गौशाला के कर्मचारियों द्वारा इस गंभीर स्थिति की सूचना सरपंच प्रतिनिधि भूपेन्द्र सेंधव और सचिव रविशंकर दुबे को भी दी जा चुकी है, बावजूद इसके किसी प्रकार की चिकित्सकीय व्यवस्था नहीं कराई गई। लापरवाही का आलम यह है कि बीमार गाय की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि उनके शरीर का एक हिस्सा गलने लगा है।

बीते पांच दिनों से गाय को न ठीक से खाना मिल रहा है और न ही कोई देखभाल करने वाला नजर आ रहा है। इस स्थिति ने पशु प्रेमियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा गौसंरक्षण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी स्थिति बेहद खराब है। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या इसी तरह गौमाता की उपेक्षा होती रहेगी?

मांग:ग्रामीणों और गौसेवकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बीमार गायों के उपचार, भोजन और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की भी अपील की है।

Leave a Comment