हंडिया। किसानों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर भारतीय किसान संघ तहसील हंडिया ने आज मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन तहसीलदार हंडिया को सौंपे।संघ ने समर्थन मूल्य पर 100 प्रतिशत मूंग खरीदी, लंबित फसल बीमा राशि का भुगतान, बिजली व्यवस्था में सुधार, नए विद्युत सब-स्टेशनों का निर्माण, अधूरी सड़कों का निर्माण और सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।
साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 3 जुलाई 2026 तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 4 जुलाई 2026 से जिला मुख्यालय हरदा पर अनिश्चितकालीन धरना-आंदोलन शुरू किया जाएगा।मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में भारतीय किसान संघ ने मांग की कि समर्थन मूल्य पर किसानों की 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी किसान अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर न हो।
इसके अलावा खरीफ वर्ष 2025 की सोयाबीन फसल की लंबित बीमा राशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए। किसानों को खाद वितरण में हो रही परेशानियों को देखते हुए ई-टोकन व्यवस्था को सरल एवं सुगम बनाने तथा हंडिया बैराज का पानी बड़ी नहर अबगांवकला में छोड़े जाने की भी मांग की गई।
वहीं कलेक्टर के नाम दिए गए ज्ञापन में हंडिया तहसील के गांवों में लगातार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, खेड़ा, अबगांव और नयापुरा में नए विद्युत सब-स्टेशनों का निर्माण शीघ्र कराने, हंडिया-करताना मार्ग का अधूरा निर्माण पूरा करने, हंडिया-भंवरतलाल एवं हिरापुर-डुमलाय मार्ग का निर्माण कराने तथा हिरापुर, डुमलाय, चौकी, बेसवा और मांगरुल क्षेत्र में मामूली हवा चलने पर भी बाधित हो रही बिजली व्यवस्था का स्थायी समाधान करने की मांग की गई।
भारतीय किसान संघ ने कहा कि किसानों की ये समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिससे खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन प्रभावित हो रहा है।
संगठन ने शासन-प्रशासन से किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 4 जुलाई से जिला मुख्यालय हरदा पर अनिश्चितकालीन धरना-आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस मौके पर भारतीय किसान संघ तहसील हंडिया के अध्यक्ष नारायण मातवा, तहसील मंत्री जितेन्द्र व्यास सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
