हरदा । साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल माने जाने वाले हृदय नगर हरदा ने फिर एक बार दिल जीता है । हुआ यूं कि विगत दिवस रात्रि में डोल ग्यारस पर घण्टाघर चौक पर झांकियों का और भजन मंडली का लुत्फ ले रहे सईद अहमद (गोलू भाईजान) के ज़ेहन में एकाएक झांकियों भजन मंडलियों पर पुष्पवर्षा का विचार आया। हालांकि अकेले होने की वजह से वे थोड़े असमंजस में थे। गोलापुरा के प्रेमशंकर पांडे द्वारा उनके विचार की सराहना करने और इस पुण्य काम मे उनका साथ देने की बात ने गोलू भाईजान की भावना को बल देते हुए साकार रूप दिया। फिर उन्होंने फूल की पंखुड़ियों से भगवान विराजित डोल, झांकियों एवं भजनमण्डली का दिल खोलकर स्वागत किया।
गोलू भाईजान ने कहा कि स्वागत की ऐसी परंपराएं ही सौहार्द को जीवित रखती हैं। इसलिए एक दूसरे के धर्म और परंपराओं का आदर सत्कार अवश्य ही किया जाना चाहिए। वे बताते हैं कि आगामी समय में स्वागत इस्तकबाल की ऐसी परंपरा को और भी बेहतर तरीक़े से आयोजित करेंगे।
गोलू भाईजान ने कहा कि जब आप अपनों का फूलों से स्वागत करते हैं तो इससे सभी के दिल ख़ुश हो जाते हैं। साथ ही ये रस्म आपसी सौहार्द बढ़ाने के साथ साथ सभी को प्रेम की खुशबू से सराबोर भी करती है।
इस दौरान उन्होंने डोल ग्यारस चल समारोह की पेशवाई कर रहे गोलापुरा भजन मंडल की मधुरता, सादगी और अनुशासनप्रियता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की । गोलू भाईजान द्वारा चल समारोह में भगवान विराजित डोल और समस्त झांकियों का आत्मीय स्वागत किया गया । मौजूद धर्मावलंबियों द्वारा उनकी इस पहल की सराहना की गयी ।
