संवाददाता अनिल मालवीय सिराली
सिराली। हरदा जिले की तहसील सिराली के सेक्टर खुदिया में पोषण माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर श्रीमती माला बोरासी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्राम की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर पोषण मटका तैयार किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के फल, हरी सब्जियां, अनाज एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री को शामिल किया गया। पोषण मटके के माध्यम से महिलाओं को संतुलित आहार एवं दैनिक भोजन में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
सुपरवाइजर श्रीमती माला बोरासी ने महिलाओं को बताया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के भोजन में आयरन, प्रोटीन, विटामिन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
