संवाददाता अनिल मालवीय सिराली
हरदा जिले की नगर परिषद सिराली में मोहर्रम की दसवीं के अवसर पर शनिवार को परंपरागत इस्लामी अखाड़ा एवं ताजिया जुलूस श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ निकाला गया।
जुलूस की शुरुआत रानीपुरा क्षेत्र से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों—पुराना बस स्टैंड, गांधी चौक सहित पूरे सिराली नगर से होकर गुजरा।जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ अन्य समुदायों के नागरिक भी शामिल हुए।
हिंदू-मुस्लिम समाज ने मिलकर मोहर्रम के जुलूस का स्वागत किया और आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता की मिसाल पेश की। पूरे मार्ग में धार्मिक अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण देखने को मिला।इस अवसर पर खलीफा फिरोज भाई, मेराज पार्षद, सुब्बा मुकद्दम, नौसे खां, भूरू बाबा, सलमान भाई, रमेश मालवीय एवं गंगा पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जुलूस के दौरान थाना प्रभारी सीताराम पटेल के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
वहीं, समाजसेवी नियाज भाई द्वारा श्रद्धालुओं एवं जुलूस में शामिल लोगों के लिए शुद्ध पेयजल और शरबत की व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने सराहना की।नगरवासियों ने बताया कि सिराली में वर्षों से मोहर्रम का जुलूस इसी तरह शांति, सद्भाव और परंपरा के साथ निकाला जाता रहा है।
इस वर्ष भी आयोजन ने सामाजिक एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।
