कन्नौद जेल में गायत्री परिवार ने किया विचार क्रांति एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम

कन्नौद रिपोर्टर विनोद भूतडा

कन्नौद। “पाप से घृणा करो, पापी से नहीं” – गुरुदेव के विचारों से बंदियों को दिखाई नई राह अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा कन्नौद जेल में बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने एवं उनमें सद्विचारों का संचार करने के उद्देश्य से विचार क्रांति एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जेल अधीक्षक श्री गिरजा शंकर दुबे के सराहनीय सहयोग से किया गया।कार्यक्रम में परम पूज्य गुरुदेव युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि मनुष्य के दुष्कर्मों का मूल कारण उसके भीतर मौजूद दुर्बुद्धि एवं आत्मसंयम का अभाव है।

यदि मनुष्य अपनी बुद्धि का परिष्कार कर ले और सद्विवेक को जागृत कर ले, तो उसका जीवन श्रेष्ठ कर्मों की दिशा में आगे बढ़ सकता है।इस अवसर पर गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन श्रीमती प्रज्ञा पाराशर ने बंदी भाइयों को अपने उद्बोधन के माध्यम से गुरुदेव के प्रेरणादायी विचारों से अवगत कराया।

वक्ताओं ने कहा कि जेल से मुक्त होने के बाद वे समाज की मुख्यधारा में लौटकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएँ।कार्यक्रम के दौरान बंदी भाइयों ने अत्यंत एकाग्रता एवं उत्साह के साथ गुरुदेव के विचारों को सुना तथा नशामुक्ति, गायत्री साधना और सदाचारपूर्ण जीवन जीने का संकल्प लिया।

उनके चेहरों पर आशा और जीवन में बदलाव की भावना देखकर उपस्थित सभी परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। गायत्री परिवार के सदस्य श्री रामकरण यादव एवं विश्व हिंदू परिषद की जिला उपाध्यक्ष बीना यादव ने जेल प्रशासन के सहयोग एवं सकारात्मक पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश “हम बदलेंगे – युग बदलेगा।हम सुधरेंगे – युग सुधरेगा।”अखिल विश्व गायत्री परिवार, कन्नौद

Leave a Comment