कलेक्टर और एसपी ने प्रतिमा विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण,दशहरा पर्व की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के दिए निर्देश।

हंडिया । दशहरा पर्व के मद्देनजर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने रविवार को जिले के विभिन्न प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने हंडिया स्थित नर्मदा तट, हरदा के पेड़ी घाट तथा टिमरनी में राधाबाई की पुलिया के पास बनाए गए प्रतिमा विसर्जन कुंडों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर एवं एसपी ने विसर्जन कुंडों के आसपास बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, गोताखोरों की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विसर्जन स्थलों पर स्वयंसेवकों की तैनाती और प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने तीनों स्थलों पर नदी के तटों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।चल समारोह के दौरान ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने तथा हंडिया स्नान घाट पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए बैरिकेडिंग सहित सुरक्षा के समुचित इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए।

✅ दशहरा आयोजन स्थलों की व्यवस्थाएं भी देखीं

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हरदा के नेहरू स्टेडियम और टिमरनी की कृषि उपज मंडी में दशहरा पर्व के आयोजन की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थलों पर अग्निशमन वाहन (फायर ब्रिगेड) की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नागरिकों के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान हरदा एसडीएम श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया, टिमरनी एसडीएम श्री असवनराम चिरामन, संबंधित तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment