हंडिया। सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हंडिया पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर बुधवार को तहसील कार्यालय हंडिया स्थित अटल सुशासन भवन में तहसीलदार श्रीमती पूजा भाटी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात, पार्किंग, प्रकाश, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं घाट व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
चौदस की रात से धर्मशालाएं और स्कूल रहेंगे खुले बैठक में निर्णय लिया गया कि चौदस की रात्रि से अमावस्या तक सभी धर्मशालाएं श्रद्धालुओं के लिए खुली रहेंगी। इसके साथ ही आवश्यकता को देखते हुए विद्यालयों को भी रात्रि में खोलने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने में परेशानी न हो।
चार स्थानों पर पार्किंग, चलित शौचालय भी रहेंगे
अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जाट ग्राउंड, मिडिल स्कूल परिसर, हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर और ग्राम पंचायत परिसर में पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। इससे घाट क्षेत्र एवं मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने का प्रयास रहेगा।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थानों पर चलित शौचालयों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
घाटों पर अस्थाई दुकानें व्यवस्थित होंगी
बैठक में घाटों पर लगी अस्थाई दुकानों को उचित स्थान पर व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया। वहीं भिक्षावृत्ति करने वालों को भी उचित स्थान पर हटाने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो।दुकानदारों की सीमा निर्धारित करने के लिए चूना लाइन डाली जाएगी। चूना लाइन के आगे दुकानदारों द्वारा अपनी सामग्री रखने पर रोक रहेगी।
दोनों प्रमुख घाटों पर लगेंगे स्वास्थ्य कैंप
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दोनों प्रमुख घाटों पर स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।पेट्रोल पंप से आगे दोनों मार्गों पर होगी रोशनीरात्रि में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए पेट्रोल पंप से आगे दोनों मार्गों पर लकड़ी के अस्थाई पोल लगाकर बिजली व्यवस्था किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे रात के समय आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकेगी।
वहीं गांव के अंदर स्थित पुलिया के रास्ते को मुरूम डालकर दुरुस्त किए जाने पर भी सहमति बनी।
सफाई का मुद्दा फिर उठा, पाटीदार भवन के पास गंदगी पर ध्यानबैठक में पिछली बैठक में उठाए गए सफाई के मुद्दे को एक बार फिर उठाया गया। पाटीदार भवन के पास अब तक गंदगी साफ नहीं होने और टूटी हुई नाली की सफाई नहीं होने का मुद्दा सामने आया। पर्व से पहले संबंधित क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई गई।
इसके साथ ही हंडिया में घूम रहे आवारा गोवंश को गौशाला में पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने पर भी चर्चा हुई।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों ने किया समन्वय पर जोर बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। प्रशासन का प्रयास है कि सर्व पितृ मोक्ष अमावस्या के दौरान हंडिया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्नान, दर्शन, ठहरने, शौचालय, स्वास्थ्य, प्रकाश और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में तहसीलदार श्रीमती पूजा भाटी, प्लाटून कमांडर श्रीमती रक्षा राजपूत, टीआई आरपी कवरेती, जेई पवन बारस्कर, बीपीएम सुरेश खांडे, राजस्व निरीक्षक उत्तम पारदे, ग्राम पटेल प्रहलाद सिंह खत्री, पटवारी उदय सिंह उईके, सचिव एनपी धान्वे, समाजसेवी मांगीलाल मंडलोई, अवंतिका तिवारी, विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी, सरपंच लखनलाल भिलाला सहित पत्रकारगण मौजूद रहे।
