हरदा: जंगल में पेड़ से लटका मिला 22 वर्षीय शिवानी का शव, 4-5 दिन पुराना होने से डीकंपोज हुई बॉडी
13 नवंबर को घर से निकली थी युवती, मोबाइल घर पर ही छोड़ गई थी; सिविल लाइन पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
हरदा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक युवती का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान नीमगांव निवासी 22 वर्षीय शिवानी चौहान के रूप में हुई है। शव करीब 4 से 5 दिन पुराना होने के कारण डीकंपोज हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।
जंगल में शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार कृष्णा नामक युवक ने पुलिस को सूचना दी थी कि ग्रामीण गांव के पास जंगल में एक महिला का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीओपी शालिनी परस्ते और थाना प्रभारी आरएस तिवारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
13 नवंबर को घर से निकली थी शिवानी
मृतका के पति राकेश चौहान ने पुलिस को बताया कि शिवानी 13 नवंबर को मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गई थी। जब वह मायके नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
4 से 5 दिन पुराना था शव
गुरुवार को गांव के बाहर जंगल में शिवानी का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस के अनुसार शव करीब 4 से 5 दिन पुराना होने के कारण डीकंपोज हो चुका था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।