अपर सत्र न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी की अदालत ने सुनाया फैसला; पीड़िता ने कहा – आज मुझे इंसाफ मिल गया
हरदा। शादी का भरोसा देकर युवती का शोषण करने के मामले में हरदा न्यायालय ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले में दोषी पाए गए 28 वर्षीय नईम खान, निवासी नई आबादी खेड़ीपुरा, हरदा को 7 वर्ष के कठोर कारावास और 2 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
रिश्तेदारी के चलते हुई थी जान-पहचान
अभियोजन के अनुसार आरोपी और पीड़िता आपस में रिश्तेदार थे। इसी कारण दोनों के बीच परिचय और बातचीत होती थी। आरोप है कि आरोपी ने युवती से निकाह करने का भरोसा देकर उसका शोषण किया। बाद में उसने निकाह करने से इनकार कर दिया।
महिला थाना में दर्ज हुई थी शिकायत
आरोपी के इनकार के बाद पीड़िता ने महिला पुलिस थाना हरदा में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच और आवश्यक विवेचना पूरी करने के बाद आरोपी के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।
18 नवंबर को अदालत ने सुनाया फैसला
प्रकरण की सुनवाई पूरी होने के बाद 18 नवंबर 2026 को अपर सत्र न्यायाधीश अरविंद रघुवंशी की अदालत ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत दोषी ठहराया। न्यायालय ने उसे 7 वर्ष के कठोर कारावास के साथ 2 हजार रुपये का अर्थदंड सुनाया। अर्थदंड जमा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास का भी प्रावधान किया गया है।
लोक अभियोजक संजय गौर ने की पैरवी
मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक संजय गौर ने पैरवी की। उन्हें अधिवक्ता हरिमोहन शर्मा और एडवोकेट नमन शर्मा ने सहयोग प्रदान किया।
फैसले के बाद पीड़िता ने जताया संतोष
न्यायालय के फैसले के बाद पीड़िता ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “सत्य की जीत हुई, आज मुझे इंसाफ मिल गया।” उन्होंने न्यायालय के प्रति आभार जताया। साथ ही लोक अभियोजक संजय गौर और उनकी टीम के सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया।