सिवनी के होटल सिद्धार्थ में छापे के दौरान युवक-युवती को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के मामले में सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है।
देखे CCTV मे कैद वीडियो
एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी सहित 6 पुलिसकर्मियों को बुधवार को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच छिंदवाड़ा रेंज डीआईजी राकेश सिंह करेंगे।
होटल संचालक संजय सनेहिया ने डीजीपी से शिकायत की थी। आरोप है कि एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई और यातायात प्रभारी 6 माह से जांच के नाम पर 30 हजार रुपए प्रतिमाह मांग रहे थे। करीब 35 हजार रुपए वसूले भी थे। कर्मचारियों से मारपीट की।
आरोप है कि युवक को धमकाते हुए कहा गया कि इनके बैग में गांजा रख दो, इनकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी, तब समझ आएगा। पूरा घटनाक्रम होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो 13 नवंबर को वायरल हो गया था, इसके बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया।
इस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्दी में अनुशासनहीनता एवं कदाचार किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है।
ये हुए निलंबित:
- दीपक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सिवनी
- चंचलेश मरकाम, एसडीओपी, सिवनी
- निरीक्षक सतीश तिवारी, थाना प्रभारी, सिवनी
- प्रधान आरक्षक 200 नवीन तिवारी, जिला पुलिस बल, सिवनी
- आरक्षक (चालक) 606 कृष्णा परते, जिला पुलिस बल, सिवनी
- आरक्षक 761 सलमान खान, 8वीं वाहिनी, विसबल, छिंदवाड़ा