राजस्व न्यायालयों के प्रकरण तीन माह में निपटाने के निर्देश, स्वामित्व रजिस्ट्री में तेजी लाने पर जोर


हरदा। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि राजस्व न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों का तीन माह के अंदर आवश्यक रूप से निराकरण किया जाए। गुरुवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्य में भी अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि फौती नामांतरण वाले प्रकरणों में भी शीघ्रता से नामांतरण कर स्वामित्व पंजीयन किया जाए।


बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निराकरण गंभीरता से किया जाए। कोई भी शिकायत संतुष्टिपूर्ण समाधान के बिना अनावश्यक लंबित न रहे। इस दौरान पीएम किसान, फार्मर रजिस्ट्री, नक्शा तरमीम, नामांतरण, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती, भूमि आवंटन, वन ग्रामों का राजस्व ग्रामों में संवर्तन, राहत प्रकरणों की स्थिति, राजस्व वसूली तथा अन्य राजस्व कार्यों की भी समीक्षा की गई।


बैठक में अपर कलेक्टर श्री पुरुषोत्तम कुमार व श्रीमती अनुपमा चौहान, एसडीएम हरदा श्री शैलेंद्र बड़ोनिया, एसडीएम टिमरनी श्री असवनराम चिरामन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती तृप्ति पटेरिया व सुश्री श्वेता बम्होरे सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment