कांग्रेस का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन खिरकिया में संपन्न, दीपावली मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब

खिरकिया। जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में हरदा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मेलन एवं दीपावली मिलन समारोह शुक्रवार को राजपूत छात्रावास खिरकिया में संपन्न हुआ।इस अवसर पर हरदा विधानसभा प्रभारी लक्ष्मी नारायण पवार ने कहा कि कार्यकर्ता ही कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी है। कार्यकर्ता के बिना किसी भी पार्टी की कल्पना नहीं की जा सकती। संगठन की सफलता में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।

इस अवसर पर हरदा जिला प्रभारी श्रीमती रचना जैन ने कहा कि हरदा जिले के कार्यकर्ता बहुत मजबूत हैं, जिन्होंने हरदा जिले में दोनों विधानसभा और तीनों जनपद में कांग्रेस के प्रतिनिधि को जिताया। यह मध्यप्रदेश में एकमात्र ऐसा जिला है जहां भाजपा का कोई विधायक नहीं है। मैं यहां के देवतुल्य कार्यकर्ताओं को नमन करती हूं और आने वाले सभी चुनाव में इसी प्रकार कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी, ऐसी उम्मीद करती हूं।

इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि आज इस जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में आप सभी का जोश, उत्साह और जनसैलाब देखकर मन गर्व से भर जाता है। किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके बड़े नेता या मंच पर बैठे लोग नहीं होते, बल्कि उस पार्टी की असली रीढ़ बूथ स्तर पर खड़ा वह सामान्य कार्यकर्ता होता है, जो धूप, बारिश और हर विपरीत परिस्थिति में पार्टी का झंडा बुलंद रखता है। आप सभी कांग्रेस की विचारधारा के सच्चे सिपाही हैं।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन साईं ने कहा कि हम उस पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जिसने इस देश को आजादी दिलाई, जिसने संविधान का निर्माण किया और जिसने देश को सुई से लेकर अंतरिक्ष तक पहुंचाया। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह प्रेम, भाईचारे, सामाजिक न्याय और हर वर्ग को साथ लेकर चलने की एक सोच है।उन्होंने कहा कि आज हमारा किसान अपनी फसल के सही दाम और खाद-बीज की किल्लत से जूझ रहा है। हमारे जिले का नौजवान डिग्री लेकर दर-दर भटक रहा है, लेकिन उसके पास रोजगार नहीं है। महंगाई ने हर आम परिवार और हमारी माताओं-बहनों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। हमें इन मुद्दों को लेकर चुप नहीं बैठना है। एक जिम्मेदार विपक्ष और जनसेवक के रूप में यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता की आवाज बनें और प्रशासन व सरकार को जगाएं।

ब्लॉक अध्यक्ष शंकर सोलंकी ने कहा कि मेरे साथियों, आने वाला समय संघर्ष का है, लेकिन जीत उसी की होती है जो मैदान में डटा रहता है। हमें हर गांव, हर मोहल्ले और हर बूथ पर जाकर अपनी टीम को सक्रिय करना है। मेरा बूथ, सबसे मजबूत के मंत्र को जमीन पर उतारना है। हमें केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर सुख-दुख में आम आदमी के साथ खड़ा रहना है। हमें अपने छोटे-मोटे मतभेदों को भुलाकर केवल और केवल हाथ के पंजे और पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए एकजुट होना है। सोशल मीडिया पर भी मजबूती से अपनी बात रखनी होगी।

  • इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती रानू दशरथ पटेल ने कहा कि साथियों, अंधेरा चाहे कितना भी घना क्यों न हो, सुबह की किरण उसे चीर कर निकलती ही है। संघर्ष के इस दौर में हमें न थकना है, न रुकना है, और न ही झुकना है। आइए, हम सब मिलकर संकल्प लें कि हम जिले के हर घर तक कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को पहुंचाएंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता बद्री पटेल, सेवादल कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष कोठारी, शहर अध्यक्ष असलम पठान, सूरज सिंह राजपूत, सावन शर्मा, मंजीत बघेल, हरदा ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास, सोनतालाई लाइव ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र पटेल, राहतगांव ब्लॉक अध्यक्ष रामदीन पटेल, जिला संगठन मंत्री गोविंद सुरमा, रवि शंकर शर्मा, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मायाराम यादव, सुगन चंद भंडारी, दशरथ पटेल, हाजी अय्यूब खान, दिलीप छचार, गोल्डी कुशवाह, लोकेश जायसवाल, रवि विश्नोई, देवेंद्र दरबार, देवेंद्र राजपूत, लालू राजपूत, प्रवीण पाटिल, बंटी वर्मा, सुनील छचार, हार्दिक जायसवाल, सुमित ओनकर, कमलेश राजपूत और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान ने किया।

Leave a Comment