हरदा। मुहाल माइनर का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। कार्य में हो रही देरी के कारण क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की शिकायत पर हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
3 वर्ष से चल रहा काम फिर भी अधुरा
मौके पर मौजूद किसानों ने विधायक को बताया कि पिछले करीब 3 साल से खुदाई का काम चल रहा है। काम पूरा न होने के कारण उन्हें कई बार चक्का जाम और धरना भी करना पड़ा। हर बार 8 दिन और 15 दिन में काम पूरा करने का आश्वासन मिलता है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इस पर विधायक ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं का काम समय पर पूरा होना बहुत जरूरी है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराया जाए, जिससे किसानों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
विधायक के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।