संवाददाता आनंद गवली सिराली
सिराली/हरदा। जिले की तहसील सिराली में एकलव्य छात्रावास के विद्यार्थियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकी देने का मामला सामने आने के बाद अब इस मामले में नया पक्ष सामने आया है।
मामले को लेकर जब सिराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर रामकृष्ण चौधरी से चर्चा की गई, तो उन्होंने अपने साथ हुई घटना और पूरे विवाद को लेकर जानकारी दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराली पहुंचकर डॉक्टर चौधरी से बातचीत की।
डॉक्टर ने बताया कि किस तरह मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र को लेकर विवाद हुआ और किस प्रकार उनके साथ कथित अभद्र व्यवहार करते हुए नौकरी से निकलवाने की धमकी दी गई।
गंभीर मरीज का उपचार कर रहे थे डॉक्टरडॉक्टर रामकृष्ण चौधरी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। उस समय अस्पताल में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक मरीज उपचार के लिए आया हुआ था।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर उसके उपचार में व्यस्त थे। इसी दौरान एक व्यक्ति मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाने के संबंध में उनके पास पहुंचा।डॉक्टर के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति के दस्तावेज देखने पर पता चला कि उसका मेडिकल परीक्षण हरदा में हुआ था।
इस पर उन्होंने उसे नियमानुसार संबंधित स्थान से प्रमाण पत्र बनवाने की सलाह दी। आरोप है कि इसी बात को लेकर संबंधित व्यक्ति नाराज हो गया और डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा।डॉक्टर का आरोप है कि व्यक्ति ने जयस संगठन से जुड़ा होने की बात कहते हुए उन्हें नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी।
क्या संगठन का नाम लेकर डॉक्टर को धमकाना उचित है?इस घटना के बाद एक बड़ा सवाल सामने आता है कि क्या किसी संगठन का सदस्य होने मात्र से कोई व्यक्ति इतना अधिकार प्राप्त कर लेता है कि वह अस्पताल में ड्यूटी कर रहे डॉक्टर को नौकरी से निकलवाने की धमकी दे सके?संगठन समाज में लोगों की आवाज उठाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने के लिए होते हैं।
लेकिन संगठन के नाम का इस्तेमाल किसी अधिकारी या कर्मचारी पर दबाव बनाने अथवा उसे डराने-धमकाने के लिए नहीं होना चाहिए।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपेक्षाअब सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं? क्या डॉक्टर द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी? क्या अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान एवं सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार अधिकारी संज्ञान लेंगे?
यह मामला किसी संगठन विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान, अस्पताल की व्यवस्था और कानून के पालन से जुड़ा है। यदि आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।